मेंहदावल चौराहे पर आयोजित आम आदमी पार्टी की सभा को संबोधित करते राष्ट्रीय प्रवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
संतकबीरनगर। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने रविवार को खलीलाबाद के मेंहदावल चौक पर हुई चुनावी सभा में कहा कि योगी सरकार भय, भूख, भ्रष्टाचार खत्म करने के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन यूपी को रोगी प्रदेश बनाने का कार्य किया। पूर्वांचल में मासूम दिमागी बुखार से मर रहे हैं। गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज में आक्सीजन गैस की सप्लाई में कमीशनखोरी के चलते साठ मासूमों की मौत हो गई। इसका हिसाब आम जनता इस चुनाव में भाजपा से लेगी।
आम आदमी पार्टी की खलीलाबाद से अध्यक्ष पद प्रत्याशी नीलम यादव के समर्थन में हुई इस सभा में उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो के तहत आम लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। सरकार का शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल पर ध्यान नहीं है। भाजपा जाति-धर्म के नाम पर वोट मांग रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जहां विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। बिजली बिल आधा किया गया तो पानी मुफ्त हुआ। दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक को अमेरिका ने भी सराहा। उन्होंने आह्वान किया कि निकाय चुनाव में आम आदमी को समर्थन दें।
सभा में प्रत्याशी नीलम यादव, पूर्वांचल संयोजक संजीव सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष क़ाजी इमरान लतीफ, आशा संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदा देवी, यदुवंशी सभा के राष्ट्रीय सचिव कपिल मुनि यादव, जिला संयोजक सौमयेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, आलोक श्रीवास्तव, नूर मोहम्मद, हातिम अंसारी, सगीर अहमद, यूनुस खान, विजय नारायण, आफताब आलम इत्यादि लोग उपस्थित रहे।