संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय महाराजगंज के पूर्व प्राचार्य प्रो. डीएन पांडेय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।
मेंहदावल संवाद के अनुसार नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में संस्कार मंडप में सभासदों तथा नगर पंचायत के सभी कर्मचारियों ने विश्व योग दिवस पर योग किया। तहसील परिसर में एसडीएम अरुण कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार नायब तहसीलदार तथा अन्य कर्मचारियों ने योग करते हुए विश्व योग दिवस की लोगों को बधाई दी।
मेंहदावल थाना परिसर में थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने योग करते हुए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को आवश्यक बताया।