सेमरियावां। मनरेगा अब एक जुलाई से विकसित भारत जी राम जी (वीबी-जी राम जी) हो गया है। अब श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिनों के बजाय 125 दिनों तक रोजगार मिल सकेगा। इतना ही नहीं दैनिक मजदूरी भी 266 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पिछले करीब तीन माह से ठप पड़े ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में फिर तेजी आने की उम्मीद है।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायत हैं। 121 बीडीसी हैं। नई व्यवस्था के तहत सेमरियावां की ग्राम पंचायतों में जल्द ही मनरेगा के कार्य शुरू होंगे। जिससे हजारों श्रमिकों को रोजगार मिलने के साथ ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी। जहां तक मनरेगा में पंजीकृत सक्रिय श्रमिकों की बात है तो सेमरियावां में 20,035 श्रमिक काम कर रहे हैं। इस बार जल संरक्षण और जल सुरक्षा से जुड़े कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। एपीओ अतुल जायसवाल का कहना है कि रोजगार के दिनों और मजदूरी में वृद्धि से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही गांवों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। ्