संतकबीरनगर। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव ने निर्धनतम परिवारों को डीबीटी से संतृप्त किए जाने के लिए पात्र निर्माण श्रमिकों का पंजीयन कराकर बोर्ड के अन्तर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में आच्छादित कराते हुए नियमानुसार हितलाभ प्रदान किये जाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि ऐसे सभी निर्धनतम परिवार जो कि 18 से 60 वर्ष की आयु के हैं और जिन्होंने पंजीकरण के समय पिछले 12 माह में 90 दिनों तक का कार्य निर्माण, मनरेगा श्रमिक के रूप में किया हो। पंजीकरण के समय फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आधार लिंक मोबाइल नंबर एवं निर्माण श्रमिक के रूप में 12 माह में 90 दिनों तक कार्य करने का प्रमाण पत्र, स्वघोषणा प्रमाण पत्र देना अनिवार्य है। पंजीकरण एवं योजनाओं से संबधित समस्त कार्य जन सेवा केंद्र या बोर्ड के ओपेन पोर्टल के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी नौ विकासखंडों में कैंप लगाया जाएगा, जिसके अनुसार खलीलाबाद विकासखंड में 14 जनवरी, सेमरियांवा विकासखंड में 16 जनवरी, नाथनगर विकासखंड में 17 जनवरी, हैंसर बाजार विकासखंड में 19 जनवरी, पौली विकासखंड में 20 जनवरी, मेंहदावल विकासखंड में 21 जनवरी, सांथा विकासखंड में 22 जनवरी, बेलहर कला विकासखंड में 23 जनवरी व बघौली विकासखंड में 24 जनवरी 2026 को शिविर का आयोजन किया जाएगा।