अवैध शराब के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर (संतकबीरनगर)। धनघटा क्षेत्र में बनाई व बेची जा रही अवैैध शराब और अवैध बालू खनन पर रोक की मांग के लिए बुधवार को भारतीय महिला महासभा ने प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसके पहले हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
धनघटा स्थित बाबा दानीनाथ शिव मंदिर के प्रागंण हुई बैठक में भारतीय महिला महासभा की प्रदेश अध्यक्ष शीला यादव ने कहा कि कच्ची शराब बनाने व बेचने का कार्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इससे गांव में दिन डूबने के बाद महिलाएं घर से निकलने में डरती हैं। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं आम हो गई हैं। पुलिस कच्ची शराब के खिलाफ का अभियान कागजों में चलाती है। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में अवैध बालू खनन का काम करने वाले किसानों के फसलों को रौंद रहे हैं। बैठक के बाद महिलाएं एसडीएम कार्यालय पहुंचीं जहां नारेबाजी करते हुए एसडीएम बाबूराम चौधरी को ज्ञापन सौंपा।