संतकबीरनगर। जनपद के विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को आयोजित हुए ग्राम चौपाल में महिला बीट अधिकारियों ने सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिलाओं व बालिकाओं को पुलिस टीम ने उनके सुरक्षा की जानकारी दी। सभी के बीच शासन की योजनाओं व महिला के सुरक्षा से संबंधित पंफलेट वितरित किया।
सभी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने बाजार, सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षा की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं के उपयोग के लिए जागरूक किया।
कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के डीघा बाईपास व बरदहिया बाजार व कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय खलीलाबाद, महिला थाना ने जिले के ग्राम विश्वनाथपुर, थाना दुधारा के सीएचसी सेमरियांवा, ग्राम उसराशहीद, बाघनगर व ऊंचहराकला, धनघटा थाना क्षेत्र के दुल्हापार, पराशीर व मडपौना, मेंहदावल थाना क्षेत्र के ठठराही, बर्तनहिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय कस्बा मेंहदावल, महुली थाना के कस्बा महुली, बखिरा थाना के गौरा, बेलहरकला थाना क्षेत्र के ग्राम पसनारा और धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के पुनया तिराहा, मेंहूदपार तिराहा व मेंहदूपार बरगदवा मार्ग पर महिलाओं, बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित पंफलेट प्रदान कर जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।