संतकबीरनगर। जिले में सहायता समूहों की महिलाओं ने मानदेय वृद्धि सहित अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मांंगों को लेकर काफी देर तक नारेबाजी करती रहीं। इस दौरान डीएम को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा।
प्रदर्शनकारी समूह की महिलाओं ने कहा कि वे कई वर्षा से स्वयं सहायता समूह के कार्यों को ईमानदारी, निष्ठा व मेहनत से कर रही हैं। वर्तमान में समूह सखियों को केवल दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। बढ़ती महंगाई में यह राशि काफी कम है। उनके मानदेय को बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए। भुगतान सीधे व्यक्तिगत बैंक खाते में किया जाए।
प्रत्येक समूह सखी को 10 लाख रुपये तक जीवन बीमा लाभ दिया जाए। ऑनलाइन काम करने के लिए स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जाए। नियमित मोबाइल रिचार्ज व इंटरनेट भत्ता दिया जाए। प्रदर्शन में सुनीता, ललिता, गायत्री, पुष्पा, सीमा, आरती, सुमन ,कौशिल्या, रीता आदि शामिल रहीं। संवाद