संतकबीरनगरः खलीलाबाद में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में करोसिन डालने वाली महिला को पकड़ ले जाती
- फोटो : KHALILABAD
संपूर्ण समाधान दिवस पर महिला ने केरोसिन उड़ेला, हड़कंप
- पांच साल से जमीन विवाद को लेकर फरियाद लगा रही थी महिला
- पुलिस महिला को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई
- एसपी बोले पूरे मामले की कराई जाएगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद लेकर पहुंची एक महिला ने सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए डीएम और एसपी के समक्ष अपने ऊपर केरोसिन छिड़क लिया। कोतवाली पुलिस महिला को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। एसपी ने मामले में जांच का निर्देश दिया है।
मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम रवीश गुप्त और एसपी ब्रजेश सिंह समस्याएं सुन रहे थे। उसी दौरान कोतवाली क्षेत्र पैली खास निवासी विजय लक्ष्मी पहुंची और अपने ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया। यह देखते ही वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। वहां पुलिसकर्मियों ने महिला से केरोसिन का डब्बा छीन लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर कोतवाली लाई। पीड़ित विजय लक्ष्मी ने बताया कि गांव में एक जमीन है। जिसमें उसके पट्टीदार समेत पांच लोग हिस्सेदार है। चार लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया है और उसके हिस्से की जमीन नहीं दे रहे हैं। जमीन की मांग करने पर मारने पीटने की धमकी देते हैं। महिला ने बताया कि पांच साल से खलीलाबाद तहसील और थाने पर कई बार फरियाद लगाई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक हारकर यह कदम उठाना पड़ा है। इस संबंध में एसपी ब्रजेश सिंह ने बताया कि महिला आई थी, वह अपनी समस्याओं से अवगत कराकर बाहर गई और अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। पुलिस कर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच कराई जा रही है।