गई थी झाड़फूंक कराने, डाल गिरने से हो गई मौत
- हादसे की सूचना से गांव में मचा कोहराम
- बस्ती के रसूलपुर गांव में झाड़ फूंक कराने गई थी महिला
अमर उजाला ब्यूरो
बाघनगर। दो बच्चों की मौत के कारण सोखईती कराने गई दुधारा थाना क्षेत्र की 24 वर्षीया महिला की बस्ती जनपद के पुरानी बस्ती थाना क्षेेत्र के रसूलपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह बाइक पर पेड़ की डाल गिरने से मौत हो गई। ग्राम पंचायत गंगौली की इस महिला के साथ गए सास व देवर भी गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज बस्ती सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना से गांव में कोहराम मच गया।
दुधारा थाना क्षेत्र के गंगौली निवासी गीता देवी (24)पत्नी शिवकुमार अपनी सास विंद्रावती देवी व देवर राजकुमार (20) के साथ बाइक से सुबह बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना के रसूलपुर गांव के एक मंदिर पर झाड़-फूंक कराने गई थी। वहां से वापस आते समय सुबह लगभग 10 बजे सिहारी-रसूलपर गांव के पास अचानक बारिश लगी तो बाइक सवार तीनों एक पेड़ के नीचे रूक गए। इस दौरान अचानक पेड़ की डाल गिर जाने से तीनों उसकी चपेट में आ गए। पास के स्कूल के शिक्षकों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल बस्ती भेजा। वहां गीता देवी को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सास एवं देवर का इलाज चल रहा है। ग्राम प्रधान अकबाल अहमद के पुत्र नईम अहमद ने बताया कि गीता देवी की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। इसके दो बच्चे हुए थे जिनकी मृत्यु हो गई। इसीलिए परिजन झाड़-फूंक करा रहे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।