संतकबीरनगर। मिशन शक्ति के तहत बृहस्पतिवार को महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जागरूक किया गया। जनपद के विभिन्न स्थानों पर महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपाल का आयोजन कर जागरूकता अभियान चलाया। महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा के लिए जागरूक कर उन्हें सुरक्षा संबंधित हेल्पलाइन की जानकारी देकर सभी के बीच पंफलेट वितरित किया गया।
सभी थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने बाजार, सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षा की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी खुर्द, दुधारा थाना के सुरदहिया, बखरिया व केसारी, महिला थाना ने समय माता मंदिर, गोला बाजार व पक्का पोखरा, धनघटा थाना के विद्यावती इंटर कॉलेज हैंसर बाजार, मेंहदावल के तुलसीपुर व नौदरी, बखिरा थाना के सोनौरा, कमहरिया व नंदौर चौराहा, बेलहरकला के ग्राम करनजोत और धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के हकीमराई व जिगिना गांव महिलाओं, बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित पंफलेट प्रदान कर जागरूक किया गया। महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद कर महिलाओं को सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।