संतकबीरनगर। जनपद में मिशन शक्ति के तहत शुक्रवार को पुलिस टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए ग्राम चौपाल का आयोजन कर समस्याओं के त्वरित एवं विधिपूर्ण निस्तारण पर चर्चा की गई।
जिले के सभी थाना की एंटी रोमियो टीम ने बाजार, सार्वजनिक स्थलों पर जाकर बालिकाओं, महिलाओं एवं आमजन को सुरक्षा की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के जीआईसी खलीलाबाद, समयमाता मंदिर परिसर, थाना दुधारा क्षेत्र के कड़जा, कोहरियांवा, मिश्रवलिया, मंगुआ, महिला थाना ने शहर के गोला बाजार, थाना महुली क्षेत्र के कस्बा महुली, थाना धनघटा क्षेत्र के बगही, थाना मेंहदावल क्षेत्र के ठाकुरद्वारा, उत्तरपट्टी, अंजहिया बाजार, थाना बखिरा क्षेत्र के हारापट्टी, थाना बेलहरकला क्षेत्र के गोबड़ौरी, जोलहपुर और थाना धर्मसिंहवा क्षेत्र के पुनया, बौरव्यास में महिलाओं, बालिकाओं व स्कूली छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित पंफलेट प्रदान कर जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम में महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।