मेंहदावल। रक्षाबंधन के दिन भाई की कलाई पर राखी बांधने मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। टड़वरिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला सिर के बल सड़क पर जा गिरीं। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साड़े खुर्द गांव निवासी इंद्रावती देवी (60) पत्नी राजेंद्र सिंह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही एक युवक के साथ बाइक से खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बोदवल स्थित अपने मायके के लिए निकली थीं। बताया गया कि टड़वरिया के पास एक चाय की दुकान के सामने अचानक तेज रफ्तार ट्रक आ गया। ट्रक से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। बाइक पर पीछे बैठीं इंद्रावती देवी सड़क पर सिर के बल गिर गईं।
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल महिला को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार इंद्रावती देवी घर पर किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। रक्षाबंधन के दिन मायके में भाई को राखी बांधने की खुशी लेकर निकलीं इंद्रावती की मौत की खबर मिलते ही ससुराल और मायके दोनों पक्षों में चीख पुकार मच गई। गांव में भी मातम छा गया।
इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।