संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के लौकीलाला गांव में एक माह पुरानी रंजिश को लेकर खेत में धान कटवा रही एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर डंडे से पीटकर घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लौकीलाला निवासी आबिदा खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे वह अपने खेत में धान की कटवा रही थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद इरफान वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपित ने डंडे से पिटाई कर दी, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने 17 नवंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।