- महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। जनपद के महुली थाना क्षेत्र के ग्राम काली जगदीशपुर में शुक्रवार की शाम पेड़ से पत्ता तोड़ते समय एलटी लाइन की चपेट में महिला आ गई। परिजन उसे सीएचसी नाथनगर लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर निवासी धनराजी देवी पत्नी कतवारू उम्र करीब 38 वर्ष शाम को घर से निकली। महिला बकरियों के लिए पाकड़ के पेड़ की टहनी से पत्ता तोड़ रही थी। इस दौरान पेड़ के करीब से गुजरे एलटी लाइन के तार में अचानक करंट
आ गया। जिससे धनराजी मूर्छित होकर जमीन पर गिर गई। कुछ दूर पर मौजूद लोगों की निगाह जब पड़ी तो वह भागकर मौके पर पहुंचे। सीएचसी नाथनगर में चिकित्सकों ने धनराजी को मृत घोषित कर दिया।