- एसडीएम ने नगर पंचायत अध्यक्ष समेत छह लोगों के बयान लिए
-ईओ की गैरमौजूदगी में आवास खोले जाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। अधिशासी अधिकारी व नगर पंचायत अध्यक्ष के विवाद के मामले में वायरल ऑडियो व अधिशासी अधिकारी की ओर से लगाए गए आरोपों की जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने जांच की। प्रकरण से संबंधित छह लोगों को नोटिस जारी कर शुक्रवार को कार्यालय तलब किया। सभी के बयान दर्ज किए गए।
मेंहदावल के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज की गैर मौजूदगी में नवागत अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार व अध्यक्ष प्रतिनिधि की मौजूदगी में आवास का ताला खोलने का मामला दिन-प्रतिदिन तूल पकड़ रहा है। जब आवास खोलने की जानकारी पूर्व अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज को हुई तो उन्होंने कार्यालय में तैनात संविदाकर्मी संजय कुमार के मोबाइल पर फोन कर आपत्ति दर्ज कराते हुए अपशब्द कहे। संविदा कर्मी व अधिशासी अधिकारी के बीच हुई वार्ता का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल ऑडियो के आधार पर नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी निषाद ने अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज पर अपशब्द का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। मामला चर्चाओं में आने के बाद डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने संज्ञान में लेते हुए इस मामले में जांच बैठा दिया। जांच अधिकारी एसडीएम अरुण कुमार को तीन दिनों में जांच रिपोर्ट भी तलब किया।
डीएम के आदेश पर एसडीएम अरुण कुमार ने नगर पंचायत अध्यक्ष उनके पति तथा पूर्व अधिशासी अधिकारी व वर्तमान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत के दो कर्मचारी समेत छह लोगों को नोटिस जारी कर शुक्रवार को अपने कार्यालय तलब कर बयान अंकित करने के निर्देश दिए। जिस पर शुक्रवार को दोपहर बाद वर्तमान अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार, अध्यक्ष लक्ष्मी निषाद उनके पति रमेश निषाद, पूर्व ईओ संदीप कुमार सरोज कार्यालय कर्मचारी गंगा यादव व संजय कुमार एसडीएम कार्यालय पहुंचे। एसडीएम ने कर्मचारियों से सवाल-जवाब भी किया। कर्मचारियों ने बयान में नवागत अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार व रमेश निषाद ने अधिशासी अधिकारी के गैर मौजूदगी में आवास खोले जाने की बात कही। एसडीएम के निर्देश पर सभी के बयान अंकित किए गए।
-
वर्जन
अधिशासी अधिकारी व नगर पंचायत अध्यक्ष के मामले में छह लोगों को नोटिस जारी किया गया था। सभी के बयान दर्ज किए गए। जांच आख्या जिलाधिकारी को शनिवार को सौप देंगे। - अरुण कुमार, एसडीएम