- धनघटा थाना क्षेत्र के प्रजापतिपुर गांव का मामला, 10 साल पहले हुई थी शादी
धनघटा। धनघटा क्षेत्र के प्रजापतिपुर गांव में शनिवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची धनघटा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धनघटा थाने के ग्राम चोरमरा निवासी सुनैना सिंह (32) की शादी 10 साल पहले प्रजापतिपुर निवासी मनीराम सिंह के साथ हुई थी। मृतका के भाई राहुल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सुनैना के पति मनीराम सिंह, सास कैलाशी देवी और जेठानी आशा देवी ने साजिशन गला दबाकर हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धनघटा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-
10 वर्ष पहले हुई थी शादी, सालों से झेल रही थी प्रताड़ना
मृतका के भाई ने बताया कि 10 वर्ष पहले उसकी बहन सुनैना की शादी धूमधाम से हुई थी। बाद में दहेज को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मायके वालों ने कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराली लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
दो मासूम बच्चों की मां थी सुनैना
मृतका अपने पीछे 8 वर्षीय बेटी अनन्या और 6 वर्षीय बेटे दिव्यांश को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद बच्चों की हालत देख गांव में भी मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।