संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के करमाखान गांव में नहर पर मंगलवार की देर शाम बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी महिला का मफलर पहिए में फंसने के कारण यह दुर्घटना हुई।
परिजन उसे लेकर सीएचसी सेमरियांवा पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी दुधारा सीओ प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि सोनम चौधरी उम्र लगभग 25 वर्ष पत्नी अखिलेश चौधरी निवासी खुखुंड़ा थाना बखिरा बाइक से पति के साथ रात में जा रही थी।
इसी दौरान उसका मफलर बाइक में फंस गया। इसके बाद वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे एसआई कृष्णकांत मिश्र ने बताया कि पंचयतनामा की कार्रवाई पूरी करके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में केस दर्जकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।