संतकबीरनगर जिले में मेंहदावल क्षेत्र के अछियां गांव के पास बाइक की चपेट में आने से घायल महिला की मौत हो गई। बाइक सवार मौके पर बाइक छोड़ कर भाग गया था। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी। इधर महिला की मौत की सूचना पर पीड़ित के घर कोहराम मच गया।
रविवार की सुबह छह बजे निर्मला देवी (58) पत्नी हरीशचंद्र मिश्र निवासी जमुअट अपने घर से रोज की तरह बीएमसीटी मार्ग पर घूमने के लिए पैदल निकली थी। अभी वह अछियां के पास ही पहुंची थी । उसी दौरान अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला घायल हो गई। घटना के बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लेकिन तब तक बाइक सवार मौके पर बाइक छोड़ कर भाग गया।
लोगों ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से घायल महिला गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर हो गई। रविवार की देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर पर घर पर कोराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। एसओ रविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।