संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खेलों के प्रति रुचि पैदा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर क्रीड़ा ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे।
क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सिन्हा ने बताया कि खेलों के प्रति अधिक रुचि पैदा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान प्रतियोगिता में खेल से जुड़ी हुई प्रश्नोत्तरी खिलाड़ियों का ज्ञान परखने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि क्रीड़ा ज्ञान प्रतियोगिता के लिए 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। इसकी परीक्षा ऑनलाइन तीन सितंबर को सुबह 10 बजे से होगी। परीक्षा का समय 30 मिनट का होगा, इसमें 50 प्रश्नों का उत्तर देना है।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 20 रुपये का शुल्क ऑनलाइन भुगतान करना होगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 50 रुपये, तृतीय पुरस्कार के लिए 25 हजार रुपये और चतुर्थ स्थान पाने वाले को 11 हजार रुपये मिलेगा।