जीप की टक्कर से महिला की मौत, दो घायल
रामजानकी मार्ग पर हैंसर बाजार के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। शनिवार को देर शाम रामजानकी मार्ग पर हैंसर बाजार के पास जीप की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मलौली ले जाया गया। जहां पर महिला की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
भैंसाखुट गांव निवासी विकास 20 वर्ष अपने परिवार की सुनीता 23 वर्ष और एक वर्षीय बच्चे को बाइक पर बैठाकर सीएचसी मलौली में इलाज कराने गए थे। जब वह बाइक से घर लौट रहे थे तो हैंसर बाजार के पास पीछे से आई कमांडर जीप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे विकास समेत तीनों लोग बाइक से सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों को लोग सीएचसी मलौली पहुंचाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सुनीता की हालत गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सुनीता की मौत हो गई। एसओ धनघटा रोहित प्रसाद ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। इसमें सुनीता की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।