- डीएम को शिकायत पत्र देकर चिकित्सक और नर्स पर कार्रवाई की मांग
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के एक गांव की महिला नसबंदी के बाद गर्भवती हो गई। इसकी शिकायत जब उसने सीएचसी के चिकित्सक और नर्स से की तो उन्होंने महिला को धमकी दी। महिला ने डीएम से कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम ने टीम गठित करके सीएमओ को जांच का निर्देश दिया है।
महिला ने डीएम महेंद्र सिंह तंवर को दिए पत्र में कहा है कि उसके तीन बच्चे हैं। 22 मार्च को उसने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद में नसबंदी करवाई थी। चिकित्सीय सुविधाएं होने के बावजूद डाॅक्टर ने बाहर से दवा मंगवाई। महिला का आरोप है कि नसबंदी होने के बावजूद नवंबर में उसे दोबारा गर्भ ठहरने का आभास हुआ तो उसने अल्ट्रासाउंड और चेकअप कराया। पता चला कि उसका गर्भ ठहर गया है।
महिला का आरोप है कि संबंधित चिकित्सक और नर्स की लापरवाही से उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने संबंधित डाॅक्टर और नर्स से शिकायत की, उन्होंने धमकी दिया कि अगर इसकी शिकायत अधिकारियों से की तो जान से मार देगें। इसके बाद जबरदस्ती सादे पन्ने पर हस्ताक्षर करवा लिए। महिला ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है।
महिला का शिकायत पत्र मिला है। सीएचसी अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि मामले की जांच कर रिपोर्ट भेजें। साथ ही महिला को योजनाओं का जो भी लाभ है, उसे दिया जाए।
- डॉ रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ