- छात्र-छात्राओं ने दिनचर्या में बदलाव करते हुए शुरु की परीक्षा की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा के नजदीक आने के साथ विद्यार्थियों की चिंता बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही पढ़ाई के प्रति विद्यार्थियों की संजीदगी भी बढ़ती जा रही है।
छात्र-छात्राओं ने अपनी दिनचर्या में बदलाव करते हुए रिवीजन शुरू कर दिया है। छात्र सोशल मीडिया से दूरी बनाकर तैयारी में जुटे हैं। जरूरत पड़ने पर शिक्षकों से समस्या का सनाधान पूछ रहे हैं। विद्यार्थी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए हर संभव तैयारी में जुट गए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। जिले में 94 केंद्र बनाए गए हैं, उत्तर पुस्तिकाएं भी जनपद में आ चुकी हैं। जिले के 54, 240 परीक्षार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे। परीक्षा 18 फरवरी से निर्धारित है। परीक्षार्थी अच्छे नंबर हासिल कर टॉपर बनने की दौड़ में शामिल होना चाह रहे हैं। ऐसे में परीक्षार्थी रिवीजन पर जोर दे रहे हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की दिनचर्या भी बदल गई है। परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ ही उसे दोहराने का क्रम भी शुरू कर दिया गया है। कमजोर विषयों पर पकड़ मजबूत करने के लिए विद्यार्थी अतिरिक्त कक्षाओं का सहारा भी ले रहे हैं।
0000000000
परीक्षा को लेकर तैयारी अच्छी चल रही है। सभी विषयों का रिवीजन कर रही हूं। जिस टॉपिक को समझने में दिक्कत होती है वहां शिक्षकों की मदद ले रही हूं। बोर्ड परीक्षा को लेकर थोड़ी घबराहट भी है।
- राधा पांडेय, कक्षा 12
00000000000
सभी विषयों का विस्तृत पाठ्यक्रम है। विषय को पूरा करने के लिए समय को पहले से बढ़ा दिया है। सुबह सबेरे उठकर पढ़ने के साथ ही रात को सोने से पहले भी टॉपिक को पढ़ता हूं। परीक्षा में शत-प्रतिशत देने की पूरी कोशिश है। विषयों को समझने के लिए शिक्षकों की मदद भी ले रहा हूं।
- हिमांशु गौड़, कक्षा 12
0000000000
परीक्षा की तारीखों का एलान तो हो गया, लेकिन अभी बहुत तैयारी करना बाकी है। सभी विषयों के टॉपिक को ठीक से समझना भी जरूरी है। दिनचर्या में बदलाव भी किया है। घोड़ी घबराहट तो है लेकिन उम्मीद है कि सभी पेपर अच्छे से होंगे।
- प्रियांशु , कक्षा 10
0000000000
परीक्षा की तैयारियों को लेकर शेड्यूल बदल गया है। मोबाइल और खेलों से समय बचाकर परीक्षा की तैयारियों पर अधिक ध्यान देना शुरू कर दिया है। कोशिश है कि परीक्षा से पहले सभी विषयों का रिवीजन पूरा हो जाए। शिक्षकों एवं परिजनों का सहयोग मिल रहा है।
- हिमांशु चौधरी, कक्षा 12