हरियाणा में पकड़ा गया अवैध शराब का सप्लायर
- इंडस्ट्रीयल एरिया में 25 हजार रुपये में किराए पर लिया था प्लॉट
- फर्जी परमिट तैयार कर हरियाणा निर्मित शराब को अवैध तरीके से भेजता था बिहार
- हरियाणा से आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लाई पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। 15 दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र के इंडस्ट्रीयल एरिया से 50 लाख रुपये की शराब की बरामदगी के मामले में पुलिस ने हरियाणा से सप्लायर विकास श्योराण को गिरफ्तार किया। हरियाणा से दो दिन के ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को लेकर पुलिस रविवार को जिले में आई। पकड़े गए आरोपी से कई पुलिस टीमें गहन पूछताछ करने में जुटी है।
एक दिसंबर को इंडस्ट्रीयल एरिया के प्लाट संख्या ई-22 में भंडारित कंटेनर व टैंकर से पुलिस ने 50 लाख रुपये से अधिक कीमत का हरियाणा निर्मित शराब बरामद किया था। मौके से पुलिस टीम ने छह आरोपियों को पकड़ कर जेल भेजा था। आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को गैंग के सरगना सुरेश सोनी पुत्र मनीराम सोनी निवासी मीरका थाना व जनपद हिसार, हरियाणा के बारे में जानकारी हुई थी। एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि इस घटना में कई बड़े अपराधियों की संलिप्तता की संभावना के मद्देनजर एसपी ब्रजेश सिंह की ओर से सीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। वांछित चल रहे गैंग के सरगना सुरेश सोनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम हरियाणा भेजी गई थी। इसी बीच पुलिस की विवेचना से पता चला कि इंडस्ट्रीयल एरिया में स्थित प्लाट संख्या ई-22 को विकास श्योराण पुत्र रणवीर सिंह निवासी मकान नंबर 51 वार्ड नंबर 04 जगरामबास- 24 थाना बाढ़डा जिला चरखी दादरी, हरियाणा ने 23 जुलाई 2019 को 25 हजार रुपये महीने के किराए पर लिया था और अवैध शराब का भंडारण करता था। आरोपी विकास श्योराण उर्फ विकास चौधरी उर्फ विकास जाट को कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस टीम ने थाना बाढ़डा जिला चरखी दादरी हरियाणा की मदद से 14 नवंबर को जगरामबास बस अड्डे से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। उसे वहां की कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करके पुलिस टीम ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की। रविवार को पुलिस टीम पकड़े गए आरोपी को लेकर संतकबीरनगर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि आरोपी विकास हरियाणा निर्मित शराब को अरुणाचल , हरियाणा आदि प्रांतों में बेचने के नाम पर फर्जी तरीके से परमिट तैयार करता था और फिर शराब को बिहार भेजता था। पूछताछ में यह भी पता चला कि विकास श्योराण पूर्व में गोरखपुर में अवैध शराब का कारोबार करता था और करीब 30-40 लाख रुपये कीमत के अवैध शराब के साथ पकड़ा गया था। इसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की भी कार्रवाई हो चुकी है। इसकी गिरफ्तारी की सूचना पर आसपास के जनपदों की पुलिस के साथ अन्य एजेंसियों के जरिए पूछताछ की जा रही है। अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों और शरणदाताओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उम्मीद है कि अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध शराब का कारोबार कर रहे गैंग का भंडाफोड़ हो सकेगा। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को एसपी की ओर से दस हजार रुपये का ईनाम भी दिया गया है। पकड़े गए आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर निर्धारित अधिक के अंदर ही सीजेएम कोर्ट में न्यायिक रिमांड के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।