-घर बैठे मिलने वाले का बुक हो जाएगा ऑनलाइन स्लाट
- नहीं लगेगी लाइन, निर्धारित समय पर होगी मुलाकात
दिवाकर शुक्ल
संतकबीरनगर। जिला कारागार में बंदियों से मुलाकात के लिए नई ई-प्रिजन व्यवस्था लागू कर दी गई है। जिससे कैदियों से मुलाकात करने के लिए उनके सगे संबंधियों को लंबी लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। नई व्यवस्था से बंदियो से मिलने वाले घर बैठे ही ऑॅनलाइन स्लाट बुक कर सकते हैं और निर्धारित समय पर जेल पहुंच कर सीधे बंदियों से मुलाकात करेंगे।
वर्तमान समय में जिला कारागार में विभिन्न मामले में लगभग 550 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें से 24 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। साथ ही 11 सजायाफ्ता महिला और 200 पुरुष बंदी हैं। अब तक बंदियों से जिला कारागार में मुलाकात के लिए लंबी लाइन लगाना पड़ता था। सुबह सात से 11 बजे तक मुलाकात का दौर चलता था। रोज औसतन 100 के आसपास मुलाकाती बंदियों से मिलने के लिए आते हैं। अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद बंदियों से मुलाकात आसान हो गया है।
बंदियों से मिलने के लिए आने वाले उनके परिवार व सगे संबंधी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मुलाकात की व्यवस्था के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परिजन बंदियों से रविवार दिन छोड़कर किसी भी दिन मिल सकते हैं। बंदियों को सप्ताह में दो दिन पांच-पांच मिनट अपने परिवार से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बात करने की भी सुविधा दी जाएगी।
ऐसे होगा ऑनलाइन आवेदन
बंदियों के परिजन मोबाइल या लैपटाप पर eprison.nic.in पर जाकर ई-मुलाकात अथवा न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करना होगा। विजिटर डिटेल वाले काॅलम में विवरण और बंदी का नाम भरकर फिजिकल बाॅक्स में सबमिट करने पर मोबाइल पर ओटीपी आएगा। इसके बाद उसे भरकर ओके करने पर रिफरेंस नंबर मिलेगा। रिफरेंस नंबर को इंटर योर रजिस्ट्रेशन नंबर वाले काॅलम में भरकर क्लिक करेंगे तो कारागार से मुलाकात की स्वीकृति मिल जाएगी। इसके बाद परिजन अपने मेल से पर्ची की फोटो काॅपी लेकर जिला कारागार पहुंचकर बमुलाकात काउंटर से संपर्क कर संबंधित बंदी से मुलाकात कर सकेंगे।
बंदियों से मुलाकात के लिए ऑनलाइन व्यवस्था चालू कर दिया गया है। इससे बंदियों के परिजनों को सहूलियत मिलेगी। वह घर बैठे ही बार कोड के माध्यम से मुलाकात के लिए मोबाइल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- राजेश कुमार राय, जेल अधीक्षक