सपा नेता जयराम पांडेय की अगुआई में रविवार को जगद्गुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज मेंहदावल के प्रांगण में कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इस दौरान पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा मेंहदावल सीट से जयराम पांडेय का टिकट कटने का मुद्दा उठा।
जयराम पांडेय ने कहा कि सात वर्षों से मेंहदावल विधानसभा के आवाम की रक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं के मान- सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। वर्ष 2012 में उन्हें मेंहदावल सीट से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया और चुनाव के समय टिकट बदलकर दूसरे को दिया। समाजवादी पार्टी का सच्चा सिपाही होने के नाते उन्होंने प्रत्याशी को जिताने का भरपूर सहयोग किया। उन्हाेंने आरोप मढ़ा कि पांच वर्षों के कार्यकाल में मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा करते हुए पार्टी के ही विधायक ने परंपरागत मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर पार्टी विरोधी कार्य किया है।
कार्यकर्ता सपा के घोषित प्रत्याशी के विरुद्ध आवाज उठाकर दल और मतदाताओं के सम्मान की लड़ाई लड़ने का कार्य कर रहे है। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को मुख्यमंत्री व पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। कार्यकर्ताआेें की भावनाओं का सम्मान सपा नेतृत्व जरूर करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रामनयन निषाद और संचालन पूर्व सपा जिला सचिव वेद प्रकाश यादव ने किया। इस दौरान सपा नेता मोहम्मद अकरम सिद्दीक्की, जुनेद अहमद, मौलाना तौफीक, हरिश्चंद्र यादव, दिनेश यादव, जनार्दन यादव, चौथी यादव, रंजीत, राजकिशोर यादव, ब्लॉक प्रमुख खलीलाबाद मनोज राय आदि मौजूद रहे।