धर्मसिंहवा। जिले के मेंहदावल तहसील क्षेत्र के तीन सड़कों के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का प्रस्ताव शासन ने स्वीकृत कर दिया है। इसमें राजेडीहा से निधुरी मार्ग, निधुरी राजेडीहा के डबरा से परसा शुक्ल व मेंहदावल वाया लोहरसन-बेलहरकला मार्ग का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण शामिल है।
इन सड़कों के निर्माण के लिए 32.62 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 19.42 करोड़ रुपये जारी हो गए हैं। मेंहदावल तहसील क्षेत्र के खलीलाबाद बांसी मार्ग के गनवरिया से वाया लोहरसन से होकर बेलहर और खलीलाबाद बांसी मार्ग के निघुरी से राजेडीहा व निघुरी से राजेडीहा मार्ग के डबरा से परसा शुक्ल जा रही इस पर की सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव विधायक अनिल त्रिपाठी ने शासन में भेजा था। इन तीनों सड़कों का प्रस्ताव शासन ने स्वीकृति कर दिया है। गनवरिया से बेलहर तक के सड़क व निघुरी से राजेडीहा तक के सड़क को धर्मार्थ योजना से मंजूरी मिली है, जबकि डबरा से परसा शुक्ल तक को जा रही सड़क के चौड़ीकरण राज्य सड़क निधि से कराया जाएगा। जल्द ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।