संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगहर और खलीलाबाद के बीच में स्थित मंझरिया से कटका मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। इस सड़क मार्ग का निर्माण करीब 19.50 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। निर्माण की खास बात यह है कि जहां जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है वहां सीसी रोड बनाई जा रही है। इस सड़क के बनने से वाहन चालक फर्राटा भर सकेंगे। साथ ही खलीलाबाद में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। दिसंबर तक सड़क के निर्माण का कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है।
मंझरिया से कटका मार्ग करीब 10 किलोमीटर लंबा है। सड़क काफी जर्जर हो गई थी और जगह-जगह गड्ढे बन गए थे। इससे लोगों को आने-जाने में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही थीं। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने मंझरिया-कटका मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद करीब 19.50 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ।
फरवरी 2026 में सदर विधायक अंकुरराज तिवारी ने इस मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया था। वर्तमान में मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग की तरफ सीसी रोड का कार्य कराया गया है। इसके साथ ही सड़क की दोनों पटरियों पर खुदाई कर मिट्टी और गिट्टी डालने का कार्य पूरा करा लिया गया है। इसके साथ ही बीच-बीच में सड़क पर गिट्टी डालने का कार्य कराया गया है। बरसात के मौसम में कार्य प्रभावित हो गया था, लेकिन अब एक बार फिर कार्य में तेजी आ गई है।
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि दिसंबर तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
00000000000000000000000
शहरवासियों को जाम की समस्या से मिलेगी राहत
मंझरिया से कटका मार्ग को रिंग रोड के रूप में उपयोग करने की मंशा है। इससे खलीलाबाद शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। गोरखपुर की तरफ से धनघटा की ओर आने-जाने वाले बगैर शहर आए इसी मार्ग से निकल जाएंगे। इससे शहर वासियों को राहत मिलेगी। शहर के निवासी अब्दुल्लाह खान, मनोज कुमार आदि ने बताया कि शहर के चारों तरफ रिंग रोड बनना है। इसमें मंझरिया- कटका मार्ग भी शामिल है। इसके बनने के बाद शहर में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
0000000000000000000000
तामेश्वरनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगी राहत
मंझरिया-कटका मार्ग पर महुई चौराहे से तामेश्वरनाथ धाम जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे तामेश्वरनाथ धाम आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है। मंझरिया- कटका मार्ग आगे मोलनापुर मार्ग में जुड़ेगा, ऐसे में जिन लोगों को सोनबरसा होकर खजनी की तरफ आना-जाना है, उन्हें भी काफी राहत मिलेगी।
000000000000000000000000
मंझरिया- कटका मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जहां पर जलभराव की समस्या बनी रहती थी, वहां पर सीसी रोड का निर्माण हो रहा है। दिसंबर तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण होने का लक्ष्य तय किया गया है।
-आरके पांडेय, अधिशासी अभियंता, लोनिवि