-37 डिग्रीे सेल्सियस तापमान से बिजली संकट बढ़ा रही दुश्वारियां
- न बाहर मिल रहा चैन न घर में राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम भी दगा दे गया है। कई दिनों से बारिश नहीं हुई है। ऐसे में बिजली संकट ने उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ा दी है। 37 डिग्री सेल्सियस तापमान में लोगों को न तो बाहर चैन मिल रहा है और न ही घर में। बार- बार बिजली गुल होने से लोग परेशान हैं।
पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है साथ ही तापमान बढ़ रहा है। तेज धूप के कारण लोग बेहाल हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली संसाधन हांपने लगे हैं। ट्रांसफार्मरों व बिजली के तारों पर लोड बढ़ गया है। जिसके कारण बार-बार बिजली ट्रिप हो रही और आपूर्ति बाधित हो जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाहर लोग गर्मी से परेशान हैं तो घर के अंदर बिजली न होने से उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ गई है। यही नहीं लोकल फाॅल्ट की समस्या भी बनी हुई है। स्थिति यह है कि एक जगह बिजली कर्मी फाॅल्ट ठीक करते हैं तो दूसरी जगह फाल्ट की समस्या आ जा रही है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। साथ ही लो- वोल्टेज की भी समस्या बनी हुई हैं।
0000000000000000000
हाइवे के उत्तरी क्षेत्र में समस्या ज्यादा
हाइवें के उत्तर में बसे सरौली, नेदुला, पटखौली, पुलिस लाइन, औद्यागिक क्षेत्र, मैलानी, उतरावल आदि क्षेत्रों में ओवरलोड, लोकल फाॅल्ट और लो वोल्टेज की समस्या ज्यादा है। इन क्षेत्रों के उपभोक्ता काफी परेशान हैं। क्षेत्र के निवासी अशोक कुमार, दिलीप कुमार, शैलेंद्र श्रीवास्तव आदि का कहना है कि बार- बार बिजली गुल हो जा रही है। रात्रि में बिजली कटने पर रतजगा करना पड़ता है। महिलाएं और बच्चों का बुरा हाल है। ऐसे में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किए जाने की जरूरत है।
00000000000000000000
तापमान बढ़ने से ओवरलोड की समस्या आ रही है। ऐसे में पुराने जर्जर जम्पर बदलने का कार्य शुरू कराया जा रहा है। जल्द ही उपभोक्ताओं को समस्याओं से निजात मिलेगी। लोकल फाॅल्ट होने पर कर्मियों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
-रणधीर कुमार- अधिशासी अभियंता