संतकबीरनगर/ मेंहदावल। जिले में गेहूं खरीद की गति धीमी है। प्रशासन ने किसानों से गेहूं खरीद के दावे किए थे, लेकिन केंद्रों पर बोरे के अभाव में खरीद प्रभावित हो रही है। खाद्यान्न वितरण के बाद कोटेदारों से बोरे लिए जा रहे हैं, तब जाकर गेहूं की खरीद हो रही है।
मेंहदावल नगर में स्थित विपणन गोदाम को गेहूं क्रय केंद्र बनाया गया है। लगभग एक सप्ताह से गेहूं खरीद चल रही है। 6000 क्विंटल खरीद का लक्ष्य है। अभी तक 260 क्विंटल ही गेहूं की खरीदारी की गई है। गेहूं खरीद के लिए पहले से बोरे की व्यवस्था नहीं की गई। बोरे के अभाव में कई दिनों तक यहां गेहूं खरीद प्रभावित थी।
मेंहदावल क्षेत्र के कोटेदार खाद्यान्न का वितरण कर खाली बोरे गेहूं क्रय केंद्र को उपलब्ध करा रहे हैं। तब कहीं जाकर खरीदारी हो पा रही है। लगभग 100 किसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, लेकिन समय से बोरे उपलब्ध न होने के कारण रजिस्ट्रेशन के बाद भी गेहूं बेचने में परेशानी हो रही है।
तिघरा संवाद के अनुसार गेहूं क्रय केंद्र बघौली जसवाल भरवलिया पर बोरा उपलब्ध होते ही गेहूं की खरीदारी शुरू हुई। क्रय केंद्र पर उपस्थित कर्मचारियों ने बताया कि दो किसानों से लगभग 62 क्विंटल गेहूं क्रय किया गया। केंद्र पर लगभग 3000 बोरों की उपलब्धता है।
-
हरिहरपुर क्रय केंद्र पर खरीद शुरू, बोरे की कमी से गति धीमी
महुली। नगर पंचायत हरिहरपुर स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों से गेहूं की खरीद की शुरुआत हो गई है। अभी तक केंद्र पर 200 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। 60 क्विंटल गेहूं खरीद हो चुकी है। क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीद की रफ्तार धीमी है। केंद्र प्रभारी हरिहर प्रसाद पाठक ने बताया कि अभी तक क्षेत्र के 200 किसानों ने पंजीकरण करवा लिया है, और जो भी किसान यहां अपना गेहूं लेकर पहुंच रहे हैं, उनसे खरीद की जा रही है। केंद्र पर बोरों की कमी के कारण खरीद में थोड़ी देरी हो रही है। कोटेदार अपना गल्ला बांटने के बाद खाली बोरे केंद्र पर पहुंचाने में देरी कर रहे हैं, जिसके कारण खरीद थोड़ी धीमी हो रही है। अभी तक केंद्र पर 60 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र के किसान अपना पंजीकरण करवा कर समय से केंद्र पर गेहूं पहुंचा दें। गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 है। धनघटा संवाद के अनुसार गेहूं क्रय केंद्र धनघटा और निहैला में देर से गेहूं की खरीद शुरू होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। हाट शाखा क्रय केंद्र धनघटा के प्रभारी के मुताबिक बोरा न मिलने से खरीद में देरी हुई है। शुक्रवार से गेहूं की खरीद शुरू हो सकी है। अब तक 300 क्विंटल गेहूं का तौल कराया गया है।