मेंहदावल में गैस एजेंसी पर पहुंचे लोग। संवाद
संतकबीरनगर/ मेंहदावल। रसोई गैस की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि एजेंसी पर बुकिंग के चार दिन बाद गैस सिलिंडर की डिलीवरी हो पा रही है। ऑनलाइन बुकिंग अधिक होने के कारण यह समस्या आ रही है। वहीं ओटीपी नहीं मिलने के कारण वितरण में भी दिक्कत आ रही है।
मेंहदावल स्थित शिवांशु गैस सर्विस पर प्रतिदिन दो से ढाई हजार उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं। नए नियम के तहत अब बुकिंग हुआ ओटीपी आने के बाद ही गैस सिलिंडर की डिलीवरी संभव है। ऐसे में उपभोक्ताओं को बुकिंग के तत्काल बाद गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। तमाम उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका केवाईसी न होने के कारण भी बुकिंग में दिक्कत आ रही है।
कुसफर निवासी धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि बुकिंग के तीसरे दिन गैस सिलिंडर की डिलीवरी एजेंसी पर पहुंच कर लिया। ऑनलाइन बुकिंग में काफी परेशानी हो रही है। नंबर रजिस्टर्ड होने के बाद भी बुकिंग में दिक्कत हो रही है। कमलेश कुमार निवासी नायक टोला ने बताया कि बुकिंग के एक सप्ताह बाद गैस सिलिंडर की डिलीवरी मिली। गैस एजेंसी से फोन आया तब जाकर एजेंसी पर पहुंचकर अपना गैस सिलिंडर मैंने प्राप्त किया। हाकर द्वारा फोन पर सिलिंडर लेने की सूचना दी गई थी। पहले बुकिंग के 24 घंटे बाद ही गैस सिलिंडर की डिलीवरी हो जाती थी, लेकिन अब परेशानी उठानी पड़ रही।
गैस एजेंसी के मैनेजर रामकेश मिश्रा का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग तथा ओटीपी नंबर आने के बाद उपभोक्ता कभी भी गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकता है। हम लोगों का प्रयास है की 24 घंटे में ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी उपभोक्ता को कर दी जाए, लेकिन प्रतिदिन दो से ढाई हजार ऑनलाइन बुकिंग हो रहा है ऐसे में थोड़ी बहुत दिक्कतें आ रही हैं फिर भी गैस सिलेंडर उपलब्ध होने पर तत्काल डिलीवरी की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।