- बखिरा कस्बे में पानी की निकासी का इंतजाम नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। सोमवार की दोपहर में हुई बारिश में पंचायत भवन व पुलिस चौकी के सामने मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। लोगों को घंटों तक दिक्कत का सामना करना पड़ा। जिसे लेकर लोगों में आक्रोश है।
सोमवार दोपहर में हुई बारिश से कस्बे में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश होने पर नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। कस्बे में पंचायत भवन मार्ग, सड़क किनारे, चौराहे पर बारिश का पानी जमा हो गया। पुलिस चौकी से पंचायत भवन तक जाने वाली सड़क पर पानी की निकासी नही होने से जलभराव रहा।
पुलिस चौकी के सामने मुख्य सड़क पर भी जलभराव होने से चौकी के भीतर आने-जाने में भी फरियादियों को दिक्कत हुई। नन्दलाल, शिवशंकर, रामरूप ने बताया कि पुलिस चौकी से पंचायत भवन से होकर ठाकुरद्वारा तक निर्मित हुए 300 मीटर सीसी सड़क के साथ ही नाली की मरम्मत की गई, लेकिन पहली ही बारिश में नाली जाम होने से नगर पंचायत की पोल खुल गई। इसे लेकर लोगो ने नाराजगी जताते हुए जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर करने की मांग नगर पंचायत प्रशासन से की है।