नगर पालिका ने पानी की सप्लाई चाभी लगाकर शुरू कराया-संवाद
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में पेयजल आपूर्ति के लिए बनी की टंकी भरने के लिए लगी चाबी खराब होने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई थी। जिसके कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा था। करीब 40 घंटे बाद नगर पालिका ने गोरखपुर से चाबी की मरम्मत कराकर मंगाया और देर रात टेस्टिंग के बाद सप्लाई शुरू कर दी है। रविवार की सुबह सुचारू रूप जलापूर्ति हुई जिससे लोगों को राहत मिली है।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में जलापूर्ति के लिए बरई टोला में ओवर हेड टैंक बनाया गया है। बगल में नलकूप बना है, जिससे टंकी भरी जाती है। इसकी चाबी शुक्रवार की सुबह खराब हो गई, जिसके कारण शहर में जलापूर्ति ठप हो गई। जिससे लोगों के समक्ष पानी का संकट खड़ा हो गया है। स्थिति यह रही कि शुक्रवार की सुबह से लेकर शनिवार की देर शाम तक पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते शहर के भिटवा टोला, अंसार टोला, बरई टोला, पठान टोला, गोला बाजार सहित कई मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। हालांकि पालिका प्रशासन ने टैंकर में पानी भरवाकर मोहल्लों में पहुंचाकर लोगों को राहत देने का प्रयास किया, लेकिन समस्या से राहत नहीं मिल सकी। इस बीच नगर पालिका प्रशासन ने गोरखपुर से चाबी ठीक कराकर मंगवाया और शनिवार की देर शाम टेस्टिंग की और आपूर्ति शुरू कराई। रविवार को सुबह से सभी मोहल्लों में नियमित रूप से जलापूर्ति शुरू हो गई है।
कोट
पानी की टंकी भरने के लिए चाबी का इस्तेमाल किया जाता है, जो खराब हो गई थी। गोरखपुर से चाबी ठीक कराकर मंगवाया गया है और टंकी भरवाने के साथ ही शहर में पानी की आपूर्ति शुरू करा दी गई है। इससे लोगों को राहत मिल गई है।
-अवधेश कुमार भारती, ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद