जलअर्पण दिवस के तहत तुर्कवलिया नायक में स्वच्छ पेयजल की शुरूआत करते अतिथि-स्रोत आयोजक
धनघटा। ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सहयोग से धनघटा के तुर्कवलिया नायक में जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव और विधायक गणेश चौहान ने फीता काटकर किया। गांव में ओवरहेड टैंक का निर्माण हुआ है ताकि लोगों को शुद्ध पानी दिया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की हर घर जल योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिससे गांव-गांव तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि स्वच्छ जल का सदुपयोग करें और अनावश्यक रूप से जल की बर्बादी से बचें। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की उपयोगिता, जल संरक्षण के उपायों तथा जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विधायक गणेश चंद चौहान ने कहा कि जल जनित बीमारियों को रोकने के लिए शुद्ध पानी आवश्यक होता है। शुद्ध पानी और शुद्ध हवा के बगैर मानव जीवन संभव नहीं है। इसी को ध्यान मे रखकर केंद्र और प्रदेश सरकार गांव-गांव शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए ओवरहेड टैंक का निर्माण करा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को शपथ भी दिलाई गई और जल बचाने के लिए दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले सरल उपायों पर चर्चा की गई। जल जीवन मिशन के अधिशासी अभियंता महेंद्र राम ने कहा कि शासन के मंशा के अनुरूप यहां पर 185 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया। उद्घाटन के दौरान ओवरहेड टैंक का ट्रायल भी किया गया जिससे टोटी के रास्ते घर-घर पानी निकला। इस अवसर पर जल जीवन मिशन के सहायक अभियंता जे एन यादव, अवर अभियंता प्रिंस पांडेय, हैसर ब्लॉक की प्रमुख कालिंदी चौहान, ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।