बखिरा। नगर पंचायत बखिरा में स्वच्छ पेयजल के लिए पुलिस चौकी के सामने लगा हुआ वाटर कूलर खराब पड़ा है। इन दिनों पड़ रही गर्मी से लोग ठंडे पानी के लिए तरस रहे हैं। इस समस्या से जिम्मेदार अनभिज्ञ हैं।
बखिरा पुलिस चौकी के सामने ठंडे पेयजल के लिए लगे हुए वाॅटर कूलर से लोगों को ठंडा पानी इन दिनों नसीब नहीं हो रहा है। हालांकि कस्बे में यह सबसे भीड़भाड़ वाला चौराहा है। यहां पर आसपास ग्रामीण क्षेत्र के अलावा खलीलाबाद, गोरखपुर व अन्य स्थानों से लोगों का आवागमन होने से भीड़ अधिक रहती है। सुबह से शाम तक यहां लोगो का जमावड़ा रहता है। पूर्व में लोगों को चाय की दुकानों से ठंडी बोतल खरीदकर प्यास बुझानी पड़ती थी, लेकिन इस वाटर कूलर के लग जाने से लोगो को ठंडा पेयजल मुफ्त में ही मिलने से लोगों को काफी राहत मिली थी।
लेकिन इधर एक पखवाड़े से पड़ रही गर्मी से लोग ठंडे पेयजल से वंचित हैं। प्यास से व्याकुल मुसाफिरों व अन्य लोगो को दुकानों से पानी की ठंडी बोतल खरीदनी पड़ रही है। हालांकि कस्बे के नन्दलाल, राजू, शिवकुमार, राजेश कसेरा बलराम, शिवचरन ने कहा कि इन दिनों 44 डिग्री तापमान है। मुसाफिर गर्मी से व्याकुल हैं। लेकिन जिम्मेदार समस्या से अनभिज्ञ हैं। लोगो ने इस वाटर कूलर को तत्काल ठीक करने की मांग की है। ईओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि जल्द ही वाटर कूलर को सही कराया जाएगा।