मेंहदावल रोड पर दुकानों और घरों के सामने लगा पानी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय पर स्थित मेंहदावल रोड पर नगर पालिका परिषद का जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त है। स्थिति यह है कि यहां पर सड़क की पटरियों पर बारिश का पानी पसरा हुआ है। जिससे यहां रहने वाले लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लोगों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
शहर के आजाद चौक से मेंहदावल बाईपास की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर बरई टोला मोहल्ला है। यहां पर लोगों के निवास के साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मुख्य सड़क की पटरियों पर जलभराव हो गया है। जल निकासी की व्यवस्था सही न होने से जल निकासी नहीं हो पा रही है। जिससे जमा हुए पानी से दुर्गंध उठ रही है। साथ ही मच्छर भी पनप रहे हैं।
इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दुकानों व घरों के सामने पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना जहां मुश्किल हो गया है, वहीं दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।