लोहरौली। दुधारा थानाक्षेत्र के पंचतोरवा गांव में हुई इब्राहिम (18) की हत्या के मामले में तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस हत्यारों को नहीं पकड़ पाई हैं। वहीं उसकी मां कमरुन्निशा की हालत भी खराब हो गई है।
हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई अपनी मां को गाड़ी पर लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई हैं। तीनों टीमों के हाथ अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। इब्राहिम की बहन जमीला का आरोप कि 20 जून की रात में जब मेरे भाई की हत्या जीशान और और वसीम ने खंजर से मारकर की थी।
हत्या की वजह के बारे में वह बताती हैं कि पुराने घर के रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। तभी से हमारे चाचा लोग दुश्मनी पाले हुए हैं।
डेढ़ महीने पहले बहन की शादी में भी कोई खाने नहीं आया था। एक माह पहले मेरे भाई ने घर में चाचा के कुत्ते को मारकर भगा दिया था। इसके बाद उन लोगों ने कहा था कि जिस तरह से कुत्ते को मारे हो, उसी तरह से तुम्हें भी मारेंगे।
कई बातों को लेकर एक साथ रंजिश रख रहे थे। अंत में मेरे भाई को मार ही दिया। वह बताती हैं कि मेरी मां कमरुन्निशा की हालत उस दिन से ही खराब है। उसका बीपी लगातार उपर नीचे हो रहा है। वह बेटे के गम में बेहोश हो जा रही हैं। अब्बू 21 जून की सुबह मुंबई से आए हैं। तभी से वह मां को लेकर उसकी दवा कराने में जुटे हुए हैं। उसे टेमा के पास एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि पुलिस विभाग ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। यह तीनों टीमें लगातार छापा रही हैं, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो रहे हैं। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।