संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दूबे की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित वांछित आरोपी रफीक निवासी ग्राम दुर्गजोत बंजारा टोला को बघौली से पिपरा बोरिंग जाने वाले टैक्सी स्टैंड के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पाचं अप्रैल को थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को बालू शासन पुल के पास एक पिकअप में लदे पांच पशु सड़क के किनारे गिरे मिले थे। इसमें से एक पशु की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम पंजीकृत कर तीन आरोपियों छोटके पासवान, कल्लू पासवान व वीरू पासवान निवासी कुकुरभुकवा थाना ललिया, बलरामपुर को छह अप्रैल को दो पशु, तीन मोबाइल के साथ झुड़िया पुलिया के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय प्रस्तुतकर जेल भेजा था। मामले में उक्त आरोपी फरार था।
पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार करके संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।