सीएचसी सांथा पर मरीजों को देखते चिकित्सक-
सांथा। तापमान में उतार-चढ़ाव लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। तीखी धूप और तापमान की उठा-पटक का असर सेहत पर साफ नजर आ रहा है। वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और आंखों के लाल होने की समस्या लोगों को घेर रही है। इससे अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी तेज धूप तो कभी बदली हो जा रही है। मौसम के उतार-चढ़ाव का असर अस्पतालों में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को अस्पताल में ज्यादातर वायरल फीवर के मरीज पहुंच रहे हैं। स्थिति यह है कि लोहरसन सीएचसी की ओपीडी औसतन सौ मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें से करीब 25 से 30 वायरल बुखार से पीड़ित मरीज हैं। हालांकि, दवा और पर्ची काउंटर पर इन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है, लेकिन ब्लड जांच रिपोर्ट के अलावा एक्स-रे के लिए मरीज और तीमारदारों को थोड़ा इंतजार करना पड़ रहा है।
तापमान के असर से घर-घर वायरल बुखार से पीड़ित मिल रहे हैं। स्थिति यह है कि बुखार को ठीक होने में करीब एक सप्ताह से भी अधिक समय लग जा रहा है। यहीं नहीं सर्दी और खांसी अधिक बढ़ने से मरीज काफी परेशान हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने धूप में निकलने और ठंडे पानी के सेवन से बचने की सलाह दी है। हालांकि, दवा काउंटर पर पहुंच रहे मरीजों को एक-एक करके पर्ची के मुताबिक दवा उपलब्ध कराई जा रही है। मंगलवार को पहुंचे मरीज सोहरे, अरविंद, मनीष, आसिया, प्रीतम, शायदा, ज्ञानमती, अतिका, प्रीति समेत कई मरीज बुखार, शरीर दर्द की समस्या को लेकर अस्पताल इलाज कराने पहुंचे।