मेंहदावल ब्लॉक के भौरा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के भौंरा गाव में मंगलवार को पेयजल परियोजना के लिए तोड़ी गई सड़क की मरम्मत में खराब सामग्री का प्रयोग किया जा रहा था, जिसे देखकर ग्रामीण नाराज हो गए और मरम्मत कार्य को रोक कर प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने डीएम से निर्माण कार्य की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।
बता दें कि चार माह से भौंरा में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन का कार्य चल रहा है। जिसके चलते सड़क को बीचोबीच खोद दिया गया है। मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने ठेकेदार से शिकायत की थी। मंगलवार को सड़क मरम्मत के लिए मजदूरों को लगाया गया था, लेकिन मरम्मत में सीमेंट की मात्रा कम कर दी गई है और हल्का लेयर ऊपर से बनाया जा रहा है, जो बरसात होते ही पूरी तरह से टूट जाएगा, जिसकी शिकायत की गई लेकिन ठेकेदार ने गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करवाया। जिसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्य रोक दिया और प्रदर्शन करते हुए डीएम से गुणवत्ता की जांच कराकर सड़क मरम्मत करवाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में रमेश निषाद, अच्छेलाल, पंचम कुमार, संदीप, महेन्द्र कुमार, पवन कुमार, ओमप्रकाश, उग्रेश निषाद आदि लोग शामिल रहे।