संतकबीरनगर। बेलहर कला विकास खंड के दुधारा थाना क्षेत्र स्थित लोहरौली ठकुराई गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने मांग की कि पीडब्ल्यूडी सड़क का चौड़ीकरण सरकारी नक्शे के अनुसार ही कराया जाए और अब तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान जिन काश्तकारों की जमीन व संपत्ति को नुकसान हुआ है, उसकी क्षतिपूर्ति दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का आरोप था कि विभाग द्वारा सरकारी नक्शे में दर्ज पीडब्ल्यूडी सड़क को छोड़कर प्रस्तावित मार्ग पर जबरन चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इससे किसानों की जमीन और कुछ मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप कराया जाए और प्रभावित काश्तकारों को उचित मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शन में ध्रुव चंद्र, चंद्रशेखर, हीरालाल, नीलम, सुमन, निर्मला, गंगोत्री, अनिल कुमार, कमरुन्निसा, किन्दो देवी, प्रदीप कुमार ग्रामीण शामिल रहे।