धनघटा। विकास खंड हैंसर बाजार के ग्राम पंचायतों में चल रही सोशल ऑडिट चर्चित होती चली जा रही है। चर्चा में रहे क्यों न जब गांव में चौपाल लगता है तो विकास कार्यों की समीक्षा की जगह दूसरी पंचायत होती है। शनिवार को इसी तरह के पंचायत में मदरा गांव में पहुंचे सात आठ लोग गांव के लोगों के क्रोध का शिकार होते-होते बचे और भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई।
मनरेगा योजना के तहत कराए गए विकास कार्य प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण आदि का दो दिनों तक निरीक्षण करने के बाद तीसरे दिन ग्राम पंचायत की खुली बैठक आयोजित की गई। इसमें कराए गए विकास कार्य की हकीकत जानने के लिए प्रत्येक वर्ष ग्राम पंचायत में टीम पहुंचकर सोशल ऑडिट करती है। शनिवार को मदरा में आयोजित चौपाल के दौरान चार-पांच लोग पहुंचे और इतना शोर मचाने लगे कि ऑडिट कार्य ठप करना पड़ा। कुछ देर तक हंगामा जब शांत नहीं हुआ तो गांव के जाॅब कार्ड धारक क्रोधित होकर उनपर टूट पड़े। ग्राम प्रधान सभापति ने बताया कि अगर उन्होंने बीच-बचाव न किया होता तो भारी विवाद हो जाता।