मेंहदावल। थाना क्षेत्र के बैरियहवा में मुकदमे में सुलह के लिए दबाव बनाते हुए महिला को धमकाने का मामला सामने आया है। जेल से छूटते ही आरोपित अपने साथी के साथ पीड़िता के घर जा धमका और परिवार समेत हत्या की धमकी दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बैरियहवा मोहल्ला निवासी शर्मिला पत्नी रामकिशोर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि कुसौना गांव निवासी बृजेश के खिलाफ थाना मेंहदावल में प्राथमिकी दर्ज है। वह इस मुकदमे की वादी है। इसी मामले में बृजेश जेल गया था और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया है।
आरोप है कि शनिवार की शाम करीब 7 बजे बृजेश अपने साथी पंकज निवासी कुसौना के साथ उसके घर पहुंचा। आरोपित ने दबाव बनाते हुए कहा कि मुकदमे में समझौता कर लो नहीं तो अंजाम तुम्हें और तुम्हारे परिवार को भुगतना पड़ेगा। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए महिला और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बृजेश व पंकज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।