अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे पीड़ित।
संतकबीरनगर। अग्रवाल नेत्रालय के जरिए आंख के ऑपरेशन में बरती लापरवाही के चलते 11 लोगों की आंख की रोशनी चली गई थी। इस मामले में डीएम ने जांच बैठाई थी। जांच में देरी होने पर पीड़ित बृहस्पतिवार को डीएम से मिले।
पीड़ित राजकिशोर, रामपलट, कुमारे, जवाहिर, समुनरा देवी, नीतेश यादव, जफर अली, मंशा उर्फ मुनका आदि ने कहाकि अग्रवाल नेत्रालय पर 13 दिसंबर को आंख का ऑपरेशन कराया था। जिसके बाद उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इस बारे में जब अग्रवाल नेत्रालय पर संपर्क किया तो वहां से भगा दिया गया। जांच के लिए आठ दिन पूर्व शिकायती पत्र दिया गया लेकिन अभी तक इसमें कोई भी कार्रवाई नहीं हुई।
डीएम ने पीड़ितों की बात सुनी और सीएमओ को फोन कर पीड़ितों की बात सुनने का निर्देश दिया और जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट देने की बात कही। सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि पीड़ित आए थे। उन्हें जांच अधिकारी के पास भेजा गया था।
बयान दर्ज कराया गया है, मामले की जांच चल रही है। अस्पताल की ओटी से दवा और लेंस का सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। रिपोर्ट आते ही जांच आख्या डीएम को सौंप दी जाएगी।