मगहर में बसो को दुर्गा मंदिर से घुमाते हुए पुलिस कर्मी- संवाद
मगहर। अयोध्या में चल रहे पंचकोसी परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन ने मगहर के नेशनल हाईवे स्थित दुर्गामंदिर चौराहे से बड़े वाहनों का रूट बुधवार की देर शाम को डायवर्जन कर दिया जो बृहस्पतिवार की देर शाम तक जारी रहा। डायवर्जन होने से बड़े वाहन दुर्गा मंदिर से बांसी होते हुए डुमरियागंज के रास्ते सीधे लखनऊ निकल रहे हैं।
गौरतलब हो कि अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा चल रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लग रही है। अयोध्या मेले में जा रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नेशनल हाईवे के विभिन्न जगहों पर बड़े वाहनों को रोककर उनके रूट बदल दिया गया था। मगहर चौकी इंचार्ज मनीष जायसवाल ने बताया कि मगहर के हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर पर बुधवार की रात बैरियर लगा दिए गए हैं। इससे सभी बड़े वाहनों को छोड़कर छोटे वाहन आसानी से अपने गंतव्य स्थान को आ जा सकें। सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर पुलिस बराबर गश्त कर रही है।
-
बढ़ जाती है दूरी, पड़ता है अतिरिक्त खर्च
अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मेले की वजह से मगहर के नेशनल हाईवे स्थित दुर्गामंदिर पर भारी वाहनों का रूट डाइवर्ट कर दिया गया है। इसकी वजह से भारी वाहनों के हरियाणा के चालक श्योहर सिंह, बिहार से दिल्ली जा रहे असगर अली, कलकत्ता से कानपुर जा रहे रामशंकर आदि चालकों ने बताया कि डायवर्जन होने से काफी लंबी दूरी तय करने के कारण डीजल की खपत ज्यादा लग जाती है। इससे सामानों पर ज्यादा लागत आ जाती है। कभी-कभी पैसे की भी कमी हो जाती है, रास्ते के खर्चे बढ़ जाते हैं। सरकार को चाहिए कि एक लेन चालू रखें जिससे वाहनों को आने-जाने में कोई तकलीफ न हो।