वाहनों का डायवर्ट करते पुलिस कर्मी।
मगहर। अयोध्या में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन ने मगहर के नेशनल हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे पर बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन रविवार की देर रात से कर दिया है। डायवर्जन होने से बड़े वाहन दुर्गा मंदिर से बांसी होते हुए डुमरियागंज के रास्ते सीधे लखनऊ निकल रहे हैं। जबकि कई वाहनों को जीरो प्वाइंट से ही पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से भेज दिया जा रहा है।
ध्वजारोहण समारोह के आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने से पूरी सर्तकता व एहतियात बरती जा रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ वहां पर लग रही है। अयोध्या में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नेशनल हाइवे के विभिन्न जगहों पर बड़े वाहनों को रोककर उनका लखनऊ जाने के लिए रूट को बदल दिया गया है। इससे श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की तकलीफ न होने पाए। मगहर के हाइवे स्थित दुर्गा मंदिर से बड़े वाहनों को घघसरा की तरफ मोड़ दिया गया। हाइवे पर लगे बैरियर लगाकर छोटे वाहनों को भेजा जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए हाईवे पर पुलिस बराबर गश्त कर रही है। वहीं खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास, भुवरिया और टेमारहत में भी बैरियर लगाकर बड़े वाहनों का अयोध्या की तरफ आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। बैरियर पर मुस्तैद पुलिस कर्मी सिर्फ छोटे वाहनों को ही आगे जाने दे रहे हैं। टीएसआई परमहंस ने बताया किया अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम को लेकर रूट डायवर्ट है। कार्यक्रम समाप्ति के बाद फिर से पूर्व की भांति हाइवे पर आवागमन चालू हो जाएगा।