ट्रेन की चपेट में आने से सब्जी विक्रेता की मौत
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले के पास शनिवार की रात रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बाद में सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। रविवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था।
कसैैला गांव निवासी 32 वर्षीय प्रधान पुत्र स्वर्गीय परदेशी पहले पल्लेदारी का काम करता था। बाद में ठेले पर शहर में सब्जी बेच कर घर का खर्च चलाता था। वह शहर के शास्त्रीनगर मोहल्ले में किराए का मकान लेकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। शनिवार की रात करीब दस बजे वह रेल लाइन की तरफ नित्य क्रिया के लिए गया था। उसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आस-पास के लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंची विधवा मां सज्जू देवी और पत्नी सुनीता का रो- रोकर बुरा हाल था। रोते हुए मां ने बताया कि बेटा प्रधान ठेले पर सब्जी बेच कर घर का खर्च चलाता था। प्रधान के सात साल के पुत्र करन की पिछले साल बीमारी से मौत हो गई थी। तभी से वह तनाव में रहता था। उससे 12 साल की बेटी आरती, दस साल का बेटा विशाल, साढ़े तीन साल का विकास और दो साल की बेटी पिंकी है।