संतकबीरनगर। सहालग के चलते रसोई का बजट बिगड़ता नजर आ रहा है। सब्जियों के मूल्य आसमान छू रहे हैं। स्थिति यह है कि सब्जियों के मूल्य में 40 से 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। गृहणियों को घर का बजट बनाने में काफी परेशानी हो रही है।
आमतौर पर सर्दी के मौसम को सब्जियों का मौसम कहा जाता है, लेकिन सब्जी की दुकान पर रेट सुनते ही लोग हैरान हो रहे हैं। ज्यादातर सब्जियां बाहर से आती हैं। मंडियों में सब्जियों की आवक घट गई, जबकि सहालग के चलते मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है। थोक मंडी से फुटकर मंडी तक आते-आते सब्जियों के दाम पांच से दस रुपये प्रति किलो तक बढ़ जाते हैं, जिसका सीधा असर बाजार में दिखाई दे रहा है।
सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला टमाटर और शिमला मिर्च 60 से बढ़कर 80 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है। सब्जी व्यापारी लालचंद मौर्या बताते हैं कि सहालग में मांग बढ़ने के कारण परवल 120 रुपये और मटर 160 रुपये किलो हो गई है। मोहल्लों और ठेलों पर तो यही सब्जियां 10-20 रुपये प्रति किलो और महंगी मिल रही हैं। अक्टूबर बीतते-बीतते सब्जियों के दाम अचानक तेजी से बढ़ रहे हैं।
दस दिन पहले जो सब्जियां 15 से 20 रुपये किलो बिक रही थीं, वे अब 30 से 40 रुपये की दर से मिल रही हैं। इससे गृहणियों की रसोई का बजट काफी प्रभावित हुआ है। उन्हें सब्जियां बनाने के लिए सोचना पड़ रहा है। उनको इस बात की भी चिंता है कि रसोई का बजट कैसे संभाला जाए और परिवार के सदस्यों में पोषक तत्वों की कमी भी न होने पाए। दालों की कीमतों में पहले से ही तेजी के चलते रसोई में सब्जी विकल्प रही। ऐसे में महंगी होतीं सब्जियों ने काफी निराश किया है।
-
किफायत के साथ खरीदारी कर रही गृहणियां
पुरानी सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने आईं छापड़िया कालोनी की अर्चना मिश्रा ने कहा कि दो सौ रुपये खर्च करने के बाद भी उनका आधा झोला भी नहीं भरा है। सब्जियां भोजन में जरूरी हैं। ऐसे में आम लोगों की दिक्कतें बढ़ जाएंगी। मिर्चा-मूली तक के दाम काफी तेज हैं। किफायत के साथ अब खरीदारी करनी पड़ रही है। कई अन्य गृहणियों ने कहा कि बिना सब्जी के भोजन का कोई मतलब नहीं। किलो में न सही, पाव में ही सब्जियां तो खरीदनी ही पड़ेंगी। फुटकर व्यवसायी चैतू सोनकर ने बताया कि मंडियों में सब्जियों की आपूर्ति कम हो रही है। उधर, सहालग में मांग भी बढ़ गई है। इससे कीमतें अब बढ़ गई हैं।
-
सब्जियों की कीमत
वर्तमान समय में आलू की कीमत 20 से लेकर 25 रुपये किलो है। नया आलू 30 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं टमाटर 60 रुपये, बैगन 50 से 60 रुपये, चुकंदर 80 से 100 रुपये, लौकी 50 से 60 रुपये, कद्दू-50 रुपये, धनिया 100 रुपये, फूलगोभी और पत्तागोभी 60 से 80 रुपये, सेम 100 रुपये, पालक 60 से 80 रुपये, नींबू और हरी मटर- 120 से 150 रुपये, प्याज- 25 से 30 रुपये, भिंडी 80 रुपये, गाजर 80 रुपये, करेला 60 रुपये, मूली 40 तो मिर्चा 50 रुपये किलो बिक रही है।