संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। सब्जियों के बढ़ते दाम ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। सेमरियावां, बाघनगर, करही, दानोकुइयां, दुधारा, चिउटना, सालेहपुर, नव्वागांव और लोहरौली समेत क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन सब्जियों की दुकानें सजती हैं। इनमें खरीदारी के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
स्थानीय बाजार में इन दिनों टमाटर 40 से 50 रुपये किलो, खीरा 40 रुपये, हरी मिर्च 50 से 60 रुपये, कच्चा केला 40 रुपये किलो, जबकि धनिया और अदरक 300 रुपये किलो तक बिक रही है। टासू, सतीश कुमार, कन्हैया लाल, राजेश कुमार आदि सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक मंडी से आवक और मौसम के असर के कारण कई सब्जियों के भाव में उतार-चढ़ाव बना है।
क्षेत्र में सोमवार को सेमरियावां, मंगलवार और शनिवार को बाघनगर तथा बृहस्पतिवार को करही में साप्ताहिक बाजार लगती है। इसके अलावा दानोकुइयां, दुधारा-चिउटना, सालेहपुर, नव्वागांव और लोहरौली में रोजाना सब्जियों की दुकानें लगती हैं।