धनघटा क्षेत्र में गिरी धान की फसल-संवाद
धनघटा। तीन दिनों से तेज हवा के साथ हो रही बारिश से सब्जी और दलहनी फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, देर से पकने वाली धान की फसल के लिए बारिश फायदेमंद साबित हुई है।
धनघटा क्षेत्र के कड़जी रुस्तमपुर, टेम्हा, मुठही कला, शंकरपुर, कटया, बालमपुर, खैरगाड़ और ददरवार सहित कई गांवों में बारिश और तेज हवा से सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है। खेतों में पानी भरने से नेनुआ, कद्दू और तोरई की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं, भरुआ लाल मिर्च की फसल पानी में डूबने से खराब होने लगी है। फूलगोभी की खेती भी प्रभावित हुई है।
किसान चंद्रजीत चौधरी, रामकेश, अवधराज और राम सुरेमन ने बताया कि अचानक मौसम खराब होने से खेतों में खड़ी सब्जियों की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। तेज हवा और बारिश का असर अरहर की फसल पर भी पड़ा है। इसके अलावा अगेती धान की फसलें भी प्रभावित हुई हैं।
किसानों के अनुसार, देर से पकने वाली धान की फसल को बारिश से फायदा हुआ है। खेतों में खड़ी फसल को फिलहाल नुकसान की आशंका कम है, लेकिन तेज हवा से गिर चुकी धान की फसल के सड़ने और खराब होने का खतरा बना हुआ है।