हैंसर ब्लॉक पर एसआईआर के दौरान हंगामा हुआ-स्रोत जागरूक पाठक
धनघटा। विकास खंड हैंसर बाजार में बुधवार को एसआईआर के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। भाजपा नेता पंकज पांडेय ने एडीओ पंचायत पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग बीडीओ से की।
बुधवार को एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव के कार्यालय में एसआईआर का काम भारी भीड़ के बीच चल रहा था। उसी समय भाजपा नेता पंकज पांडेय अपने साथ कुछ लोगों को लेकर पहुंचे। एडीओ पंचायत का कहना है कि भाजपा नेता अपने लोगों का फार्म पहले जमा करना चाहते थे। जब उनसे बारी बारी फार्म जमा करने की बात कही तो वह नाराज हो गए और शोर मचाने लगे। उधर भाजपा नेता पंकज पांडेय का कहना है कि एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव मनमानी करते हुए अपने चहेतों का फार्म जमा करवा रहे थे। जब उनसे लाइन में खड़े हुए लोगों का फार्म जमा करने को कहा गया तो वह नाराज हो गए। नेता और अधिकारी के बीच हुई तू तू मैं मैं के कारण काम कुछ देर बंद रहा।